Raisen News: पिता के लिए पहले बना डॉक्टर फिर डीएसपी बनकर खुद का सपना पूरा किया

Publish Date: | Sun, 21 Jun 2020 04:14 AM (IST)

पिता के लिए पहले बना डॉक्टर, फिर डीएसपी बनकर खुद का सपना पूरा किया

-15 साल की उम्र में पिता का छूटा साथ, उनकी ख्वाहिश के लिए अपने सपने को किया पीछे

अम्बुज माहेश्वरी, रायसेन।

एक बेटा जो बचपन से पुलिस में जाना चाहता था उसने अपने पिता की अंतिम इच्छा को पूरी करने के लिए खुद के सपने को पीछे कर दिया। पिता चाहते थे कि बेटा डॉक्टर बने। 15 साल की उम्र में जब एक हादसे में पिता का साया सिर से उठ गया तो बेटे ने पुलिस में जाने के अपने सपने को पीछे कर दिया। उसने पहले एमबीबीएस किया और डॉक्टर बनकर एक साल तक मरीजों की सेवा की । बेटे ने अपने सपने को भी मरने नहीं दिया। डॉक्टरी करते हुए पुलिस सेवा में जाने के लिए तैयारी की और डीएसपी का पद प्राप्त किया। आज फादर्स-डे पर मिसाल है यह बेटा जो पिता और अपने दोनों सपनों को पूरा कर पाया।

कृषक पिता और बड़े भाई को दुर्घटना में खोया, फिर सपना पूरा करने जुट गए जितेंद्र

डीएसपी जितेंद्र के पिता स्व. इंद्रपाल सिंह जाट रायसेन के पास ग्राम खरगावली में कृषक थे। वर्ष 2005 में अपने सबसे बड़े बेटे धर्मेंद्र सिंह जाट के साथ वे भोपाल में पीएमटी की कोचिंग कर रहे जितेन्द्र से मिलने जा रहे थे। भोपाल मार्ग पर कुसयारी के पास एक हादसे में दोनों का निधन हो गया। पिता और बड़े भाई की मौत के बाद मंझले बेटे महेंद्र ने परिवार को संभालने का जिम्मा लिया तो जितेंद्र पिता का सपना पूरा करने के लिए जुट गए। वर्ष 2007 में जितेंद्र का चयन पीएमटी (प्री-मेडिकल टेस्ट) में हो गया। डॉक्टरी की पढ़ाई पूरी करके एक साल तक भोपाल के हमीदिया अस्पताल में मरीजों की सेवा की। इसके बाद एक साल का अवकाश लेकर 2013 में दिल्ली पीएससी की कोचिंग करने चले गए। 2014 में उनका चयन डीएसपी पद के लिए हो गया। डॉक्टरी से इस्तीफा देकर जितेंद्र ने पुलिस सेवा शुरू की। वे वर्तमान में बालाघाट जिले में एसडीओपी के रूप में पदस्थ हैं। लॉकडाउन के दौरान रायसेन में रह जाने के कारण उन्होंने करीब दो माह कोरोना वॉरियर्स के रूप में भी अपनी सेवाएं भी दी।

तीनों भाई-बहनों ने मां को संभाला पिता का नाम किया रोशन

महेंद्र, जितेंद्र और बहन किरण ने मां को संभालकर पिता के सपनों को पूरा करने में कोई कसर बाकी नहीं रखी। मंझले बेटे महेंद्र ने खेती और परिवार की जिम्मेदारी संभाली। पहले जितेंद्र डॉक्टर बने फिर डीएसपी बनकर पुलिस में सेवा दे रहे हैं। वहीं बहन किरण ने एमबीबीएस कर पीजी किया। वे वर्तमान में जिला चिकित्सालय रायसेन में चिकित्सक के रूप में पदस्थ हैं।

Posted By: Nai Dunia News Network

नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

नईदुनिया ई-पेपर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

डाउनलोड करें नईदुनिया ऐप | पाएं मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और देश-दुनिया की सभी खबरों के साथ नईदुनिया ई-पेपर,राशिफल और कई फायदेमंद सर्विसेस

डाउनलोड करें नईदुनिया ऐप | पाएं मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और देश-दुनिया की सभी खबरों के साथ नईदुनिया ई-पेपर,राशिफल और कई फायदेमंद सर्विसेस

जीतेगा भारत हारेगा कोरोना
जीतेगा भारत हारेगा कोरोना

 

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *