Bhopal News In Hindi : Changes before Rajya Sabha elections: 5 more MLAs in BJP camp; Of these, 2 independents, 2 BSP, 1 SP, now a total of 112 | 5 और विधायक भाजपा खेमे में गए; इनमें 2 निर्दलीय, 2 बसपा और 1 सपा के, अब कुल 112

  • भाजपा की दो और कांग्रेस की एक राज्यसभा सीट पक्की
  • विधायकों को स्वास्थ्य मंत्री नरोत्तम मिश्रा लेकर पहुंचे, 2 और निर्दलीय संपर्क में

दैनिक भास्कर

Jun 18, 2020, 09:28 AM IST

भोपाल. 19 जून को होने वाले राज्यसभा की तीन सीटों के चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस से तस्वीर साफ हो गई है। बुधवार को दोनों दलों ने पार्टी विधायकों की गिनती के साथ निर्दलीय और अन्य दलों के विधायकों को अपने खेमे में दिखाने की कोशिश की, जिसमें भाजपा काफी हद तक सफल हुई।

पार्टी दफ्तर में हुई भोजन पॉलिटिक्स में खुद के 106 विधायकों के साथ दो निर्दलीय सुरेंद्र सिंह शेरा और विक्रम राणा, दो बसपा के संजीव कुशवाहा और राम बाई के साथ एक सपा विधायक राजेश शुक्ला भी पहुंचे। कोरोना से एहतियात बरतते हुए यशोधरा राजे सिंधिया नहीं पहुंचीं, लेकिन वे पार्टी के साथ हैं और भोपाल पहुंच गई हैं। दूसरी ओर, कांग्रेस विधायक दल की बैठक में 87 विधायक पहुंचे। पार्टी का दावा है कि उनके 92 विधायक साथ हैं। ताजा समीकरण के हिसाब से भाजपा की दो सीट पक्की हैं और कांग्रेस एक सीट पर मजबूत है। गुरुवार को भाजपा विधायक दल की बैठक शाम 6 बजे होगी। 

केंद्र से भेजे गए पर्यवेक्षक केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर और बीजे पांडा के साथ प्रदेश प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्धे भोपाल पहुंच गए और भोजन में भी मौजूद रहे। उनके साथ केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह भी थे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने सभी विधायकों से अलग-अलग बात की।

त्रिपाठी-कोल इस बार भाजपा के साथ
लगातार विवादों और पार्टी के प्रति ढुल-मुल रवैया रखने वाले भाजपा विधायक नारायण त्रिपाठी और शरद कोल भी बुधवार को भोजन में नजर आए। साथ ही पार्टी नेतृत्व को भरोसा दिलाया कि वे पूरी तरह साथ हैं।

कोरोना पॉजिटिव कुणाल वोटिंग करने जाएंगे
कोरोना पॉजिटिव कांग्रेस विधायक कुणाल चौधरी राज्यसभा चुनाव के लिए वोटिंग करने मतदान स्थल पर जाएंगे। राज्यसभा चुनाव के लिए रिटर्निंग ऑफिसर एपी सिंह ने बताया कि चुनाव आयोग ने अस्पताल में भर्ती कोरोना संक्रमित वोटर को पोस्टल बैलेट (डाक मतपत्र) का उपयोग करने की अनुमति दी है, लेकिन चौधरी अस्पताल में भर्ती नहीं हैं, इसलिए वे इस सुविधा का उपयोग नहीं कर पाएंगे। इधर, चौधरी ने कहा कि वे वोट देने जाएंगे।

कांग्रेस की बैठक में दिखे डाबर
इधर, कांग्रेस विधायक दल की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ की मौजूदगी में 87 विधायक पहुंचे। केपी सिंह, रवि जोशी, लक्ष्मण सिंह और हिना कांवरे नहीं पहुंचे। हालांकि इन्होंने कमलनाथ को सूचित किया था। ये सभी गुरुवार को पहुंचेंगे। इस बैठक में निर्दलीय केदार डाबर भी नजर आए, लेकिन वे किसके साथ हैं, ये स्पष्ट नहीं है।

राज्यसभा चुनावों का गणित

भाजपा
1. भोजन में पहुंचे 106 विधायक। यशोधरा नहीं गईं, भोपाल पहुंचीं।
2. दो निर्दलीय, दो बसपा, एक सपा विधायक पहुंचे। दो अन्य निर्दलीय संपर्क में।
3. सिंधिया 19 जून को नहीं आएंगे, राज्यवर्धन दत्तीगांव होंगे प्रतिनिधि।
4. वोटिंग की निगरानी उमाशंकर गुप्ता और बंशीलाल गुर्जर को दी।
5. मतगणना स्थल पर यशपाल सिंह सिसोदिया, गिरीश गौतम तथा एजेंट अरविंद भदौरिया व विश्नोई रहेंगे।

कांग्रेस
1. बैठक में 87 विधायक के अलावा निर्दलीय केदार भी पहुंचे। आज बैठक।
2. केपी, लक्ष्मण, रवि जोशी और हिना कांवरे नहीं आए। गुरुवार को आएंगे।
3. पहले प्रत्याशी दिग्विजय रहेंगे। दूसरे फूल सिंह बरैया होंगे।
4. वोटिंग के दिन कमलनाथ के घर से एक साथ जाएंगे सभी विधायक।
5. पहले 54 विधायकों को निर्देश-दिग्विजय का नाम पहले नंबर पर लिखें। कमलनाथ का वोट भी दिग्विजय को।

ताजा समीकरण के हिसाब से सीटों का रुख
भाजपा :
पार्टी के 107 विधायकों का साथ। दो निर्दलीय, दो बसपा और एक सपा का भी समर्थन। यानि संख्या होगी 112 विधायक। दो सीटें पक्की।

कांग्रेस : पार्टी के 92 विधायक। निर्दलीयों काे समर्थन लेने की कोशिश जारी, लेकिन संभावना बहुत ही कम।

भाजपा से सिंधिया व सुमेर, कांग्रेस से दिग्विजय, बरैया  
बताया जा रहा है कि गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने निर्दलीय, बसपा और सपा को भाजपा में लाने की रणनीति बनाई। सुरेंद्र सिंह और राजेश शुक्ला भी भोजन में नरोत्तम के साथ दिखे। भूपेंद्र सिंह के साथ राम बाई नजर आईं। दो अन्य निर्दलीय विधायक प्रदीप जायसवाल और केदार डाबर के भी भाजपा के संपर्क में होने की खबर हैं। माना जा रहा है कि 19 जून वोटिंग के दिन सारे निर्दलीय, बसपा और सपा के विधायक भाजपा के पक्ष में जा सकते हैं। दो सीटों पर भाजपा ने ज्योतिरादित्य सिंधिया, सुमेर सिंह सोलंकी को, जबकि कांग्रेस ने दिग्विजय सिंह व फूल सिंह बरैया को प्रत्याशी बनाया है। 

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *