पेरिस लूवर म्यूजियम चोरी कांड में दो संदिग्ध गिरफ्तार

पेरिस के मशहूर लूवर म्यूजियम से कीमती मुकुटों की चोरी के मामले में पुलिस ने दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक, शनिवार (25 अक्टूबर 2025) की रात करीब 10 बजे (भारतीय समयानुसार सुबह 2:30 बजे) पेरिस-चार्ल्स डी गॉल एयरपोर्ट से एक संदिग्ध को उस वक्त गिरफ्तार किया गया जब वह विदेश जाने वाले विमान में सवार होने वाला था। कुछ घंटे बाद दूसरा आरोपी भी पेरिस से गिरफ्तार कर लिया गया।
दुनियाभर में चर्चित लूवर म्यूजियम में यह चोरी 19 अक्टूबर 2025 को हुई थी, जब दो चोर यहां से आठ कीमती मुकुट लेकर फरार हो गए थे।
क्रेन की मदद से म्यूजियम में घुसे चोर
पुलिस के मुताबिक, चोरों ने म्यूजियम के खुलने के समय क्रेन के जरिए ऊपर की मंज़िल की खिड़की तोड़कर भीतर प्रवेश किया। उन्होंने लगभग 10.2 करोड़ डॉलर (करीब ₹850 करोड़) मूल्य के मुकुट चोरी किए और फिर बाइक से फरार हो गए। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दोनों आरोपियों को कीमती मुकुटों के साथ भागते हुए देखा जा सकता है। बताया जा रहा है कि फरार होते वक्त उन्होंने हाइड्रोलिक लिफ्ट का भी इस्तेमाल किया।
घटना की जांच की ज़िम्मेदारी BRB (Brigade de Répression du Banditisme) यूनिट को सौंपी गई है, जो हाई-प्रोफाइल डकैती के मामलों में विशेषज्ञ मानी जाती है।
फ्रांस की महारानियों के शाही मुकुट
चोरी हुए आठों मुकुट फ्रांस की महारानियों और रानियों के माने जाते हैं। फ़्रांस के संस्कृति मंत्रालय ने कहा है कि इन मुकुटों का “अमूल्य ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व” है। विशेषज्ञों के अनुसार, इनकी कीमत का आकलन तो किया जा सकता है, लेकिन इनका वास्तविक विरासत मूल्य “अनमोल” है।
दुनिया का सबसे प्रसिद्ध म्यूजियम

लूवर म्यूजियम दुनिया का सबसे ज़्यादा देखा जाने वाला संग्रहालय है, जहां रोज़ाना 30,000 से अधिक पर्यटक आते हैं। यहां की सबसे प्रसिद्ध कलाकृति “मोनालिसा” है। इसके अलावा “वीनस डी मिलो” और “विंग्ड विक्ट्री ऑफ सैमोथ्रेस” जैसी प्रसिद्ध मूर्तियां भी यहीं प्रदर्शित हैं।



GIPHY App Key not set. Please check settings